डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान ).....
जांजगीर-चांपा। पुलिस अधीक्षक विवेक पाण्डेय ने भ्रष्टाचार के आरोपों पर कड़ा रुख अपनाते हुए चौकी पंतोरा में पदस्थ प्रधान आरक्षक क्रमांक 396 रमेश त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंतोरा निवासी विकास देवांगन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रधान आरक्षक रमेश त्रिपाठी ने जमीन में कब्जा दिलाने के नाम पर 40 हजार रुपये लिए हैं। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए एसपी विवेक पाण्डेय ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रधान आरक्षक को निलंबित कर रक्षित केंद्र जांजगीर संबद्ध कर दिया है।
आदेश के अनुसार, मामले की प्रारंभिक जांच के लिए अनुविभागीय पुलिस अधिकारी अकलतरा को निर्देशित किया गया है। उन्हें संबंधित दस्तावेजों सहित सात दिनों के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
निलंबन अवधि के दौरान प्रधान आरक्षक रमेश त्रिपाठी को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।