भारती नगर मुक्तिधाम का कायाकल्प: अग्रवाल सेवा समिति की पहल से डेढ़ करोड़ की लागत से हुआ जीर्णोद्धार, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किया अवलोकन, किया वृक्षारोपण​

डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )...

बिलासपुर... अग्रवाल सेवा समिति द्वारा संचालित भारती नगर मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य के पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को अवलोकन एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक अमर अग्रवाल उपस्थित रहे। वहीं महापौर पूजा विधानी, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, अग्रवाल समाज के अध्यक्ष शिव अग्रवाल तथा सचिव सुनील सोंथलिया सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। सभी अतिथियों ने मुक्तिधाम परिसर का अवलोकन करने के साथ नीम के पौधों का रोपण किया।

इस अवसर पर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि मुक्तिधाम केवल अंतिम संस्कार का स्थान नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और सेवा भाव का प्रतीक है। ऐसे पवित्र स्थलों का स्वच्छ, व्यवस्थित और सम्मानजनक स्वरूप समाज की संवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि अग्रवाल सेवा समिति ने इसे स्थायी जनहितकारी परियोजना के रूप में विकसित कर समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने महाराजा अग्रसेन के "एक रुपया और एक ईंट" के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज की सामूहिक शक्ति और सहभागिता से ही बड़े कार्य संभव होते हैं। उन्होंने शहर के अन्य सामाजिक संगठनों से भी सार्वजनिक स्थलों के संचालन एवं संरक्षण में सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने कहा कि अग्रवाल समाज सदैव सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने भगवान श्रीराम के सेतु निर्माण में गिलहरी के योगदान का उदाहरण देते हुए कहा कि सेवा कार्यों में भावना और समर्पण का महत्व सबसे अधिक होता है। उन्होंने मुक्तिधाम के सुचारू संचालन एवं सुविधाजनक व्यवस्था के लिए अग्रवाल सेवा समिति के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान अग्रवाल समाज के अध्यक्ष शिव अग्रवाल ने स्वागत भाषण दिया, जबकि समिति के सदस्य सीए आनंद अग्रवाल ने सेवा समिति के उद्देश्यों एवं कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया तथा स्मृति स्वरूप तुलसी के पौधे भेंट किए गए। साथ ही समाज के दानदाताओं एवं सहयोगियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समिति के पदाधिकारियों अजय जाजोदिया, सीए आनंद अग्रवाल, राजुल जाजोदिया, संजय अग्रवाल, मनीष अग्रवाल एवं अनिल अग्रवाल ने बताया कि अप्रैल 2025 से अग्रवाल सेवा समिति द्वारा भारती नगर मुक्तिधाम के रखरखाव और विकास का कार्य किया जा रहा है। लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से मुक्तिधाम का व्यापक कायाकल्प किया गया है।

मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार के लिए फायर ब्रिक्स से निर्मित पक्के चबूतरे बनाए गए हैं। आगंतुकों के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, पंखे, लाइट, स्पीकर, दो वाटर कूलर, स्नान एवं पेयजल के लिए बोरिंग, गार्डन में हरियाली, पार्किंग व्यवस्था, कुर्सियां, अस्थि कलश रखने के लिए लॉकर, गात्र नहावन की व्यवस्था तथा दाह संस्कार एवं दफन प्रक्रिया के लिए आवश्यक कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है।

इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए परिसर में 35 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे रात में भी पूरे परिसर में दूधिया रोशनी के बीच सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। समिति द्वारा नियमित रखरखाव, माली, गार्ड एवं सफाई कर्मचारियों के वेतन सहित प्रतिमाह लगभग डेढ़ लाख रुपये का व्यय भी किया जा रहा है।

कार्यक्रम में अग्रवाल समाज के साथ-साथ विभिन्न समाजों एवं संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन मनीष अग्रवाल ने किया तथा आभार प्रदर्शन अजय जाजोदिया ने किया।

अग्रवाल सेवा समिति ने इस सेवा कार्य में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी सामाजिक बंधुओं एवं दानदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ही भारती नगर मुक्तिधाम को एक आदर्श एवं सुविधायुक्त परिसर के रूप में विकसित किया जा सका है।

Post a Comment

Previous Post Next Post