मंगला के विकास को मिली ऐतिहासिक रफ्तार, ₹10 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन और कई बड़ी सौगातों की घोषणा


डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )....

बिलासपुर-  बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के मंगला स्थित माता चौरा में बुधवार को आयोजित भव्य समारोह में विकास का नया अध्याय जुड़ गया। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू और छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने लगभग ₹10 करोड़ की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडेय, महापौर पूजा विधानी तथा जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

समारोह में नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में आरसीसी सड़क, आरसीसी नाली, मंच-शेड, सामुदायिक भवन एवं अन्य आधारभूत विकास कार्यों की शुरुआत की गई। इनमें यादव समाज के लिए ₹25 लाख की लागत से सामुदायिक भवन, बहतराई स्टेडियम में ₹3.62 करोड़ की लागत से बालक छात्रावास, बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के नगर निगम अंतर्गत विभिन्न वार्डों में ₹7 करोड़ 49 लाख 84 हजार की लागत से सड़क, नाली, मंच-शेड एवं सामुदायिक भवन निर्माण तथा तखतपुर विधानसभा क्षेत्र में ₹1 करोड़ 93 लाख की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार विकास को जनसेवा का माध्यम मानकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अब केवल भूमिपूजन नहीं, बल्कि तय समय-सीमा में विकास कार्यों का लोकार्पण सुनिश्चित करना सरकार की नई कार्य संस्कृति बन चुकी है। सड़क, रेल, पेयजल, आवास और शहरी विकास के क्षेत्र में बिलासपुर लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। पिछले दो वर्षों में बिलासपुर नगर निगम को ₹437 करोड़ की राशि उपलब्ध कराई गई है, जिससे शहर और आसपास के क्षेत्रों में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने विधायक सुशांत शुक्ला की मांग पर मंगला मुक्तिधाम के विकास के लिए ₹50 लाख, सामुदायिक भवन निर्माण के लिए ₹1 करोड़ तथा मंगला क्षेत्र की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग ₹10 करोड़ की जल आवर्धन योजना की घोषणा की। इसके साथ ही मंगला के गड्डा बाजार को सुव्यवस्थित रूप से धुरीपारा में स्थानांतरित करने की सहमति भी मंच से प्रदान की गई। इन घोषणाओं का उपस्थित नागरिकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।

बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में अब तक ₹1,000 करोड़ से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत एवं संचालित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा का प्रत्येक गांव और प्रत्येक वार्ड विकास की मुख्यधारा से जुड़े, यही उनका संकल्प है। सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, सामुदायिक भवन एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है और उसी विश्वास के साथ विकास कार्यों की यह श्रृंखला निरंतर जारी रहेगी।

कार्यक्रम में मौजूद नागरिकों ने विश्वास व्यक्त किया कि इन विकास कार्यों और नई घोषणाओं से मंगला सहित आसपास के क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी, पेयजल व्यवस्था बेहतर होगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।

इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, दीपक सिंह, मोहित जायसवाल, पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सोमनाथ यादव, प्रणव शर्मा, डॉ. तिलक राम साहू, मोनू रत्नाकर, संतोष दुबे, हरिओम कश्यप, शैलेष गोरख, रमेश पटेल, हेमंत मरकाम, रेखा सूर्यवंशी, रुपाली गुप्ता, पेशीराम जायसवाल, जय वाधवानी, प्रितेश सोनी, त्रिदेव रजक, कमल पटेल, सलामुद्दीन, विजय यादव, विवेक सैनी, शैलेष देवांगन, आयुष यादव, सुजीत यादव सहित भाजपा के प्रदेश, जिला एवं मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post