सराफा व्यापारियों की सुरक्षा से समझौता बर्दाश्त नहीं” : कमल सोनी.....पेंड्रा हत्याकांड पर प्रदेशभर में आक्रोश, घटनास्थल पहुंचे सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष; बोले- जल्द गिरफ्तार हों आरोपी


डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )....

पेंड्रा। जीपीएम जिले के कोटमी बाजार में सराफा व्यापारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या और लाखों रुपये के जेवरात लूट की वारदात ने पूरे प्रदेश के व्यापारियों को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद सराफा व्यापारियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी आईजी के साथ घटनास्थल पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली।

प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने मृतक व्यापारी प्रदीप सोनी उर्फ पप्पू की हत्या पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि खुले बाजार में इस तरह की जघन्य वारदात कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के बीच भय का माहौल बन गया है और यदि अपराधियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशभर के व्यापारी आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

कमल सोनी ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि हत्या और लूट की इस सनसनीखेज वारदात में शामिल आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा सरकार और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच सराफा कारोबारियों को विशेष सुरक्षा उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

घटना के बाद कमल सोनी मृतक व्यापारी के परिजनों से भी मिले। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान स्थानीय व्यापारी और सामाजिक संगठन के लोग भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

गौरतलब है कि मंगलवार शाम पेंड्रा-मरवाही मुख्य मार्ग स्थित कोटमी साप्ताहिक बाजार में तीन हथियारबंद नकाबपोश बदमाश बाइक से पहुंचे थे। बदमाश सीधे सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी की दुकान में घुस गए और जेवरातों से भरी पेटी लूटने का प्रयास करने लगे। व्यापारी द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपियों ने उनकी छाती में गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी सोने-चांदी के जेवरों से भरी पेटी लेकर फरार हो गए।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पूरे पेंड्रा क्षेत्र में दहशत का माहौल है। व्यापारिक संगठनों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई, आरोपियों की गिरफ्तारी और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग तेज कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post