ईडी ए.के. अम्बस्थ बोले- सही लोड जानकारी दें, बिलासपुर में बिजली संकट टला; युद्ध स्तर पर जारी केबल सुधार कार्य


डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान ).....

बिलासपुर.... भीषण गर्मी और रिकॉर्ड बिजली खपत के बीच छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने समय रहते त्वरित कार्रवाई कर बड़े बिजली संकट को टाल दिया है। विभाग द्वारा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफार्मर स्थापना, क्षमतावृद्धि और लाइन विस्तार कार्यों के चलते उच्चदाब लाइनों पर ओवरलोडिंग की स्थिति नहीं बनी। वहीं निम्नदाब लाइनों में केबल जलने और तार टूटने जैसी समस्याओं का युद्ध स्तर पर सुधार किया जा रहा है।


विद्युत विभाग ने सभी उपलब्ध मेंटेनेंस टीमों को इंटर-जोन कार्य में लगाया है। साथ ही प्रोजेक्ट से अतिरिक्त टीमें भी नियुक्त की गई हैं ताकि खराबी का शीघ्र निराकरण किया जा सके। मुख्यालय द्वारा प्रत्येक उपसंभाग को अतिरिक्त टीम उपलब्ध कराई गई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रखरखाव और सुधार कार्य तेज हुए हैं। वहीं प्रत्येक जोन के लिए अतिरिक्त मेंटेनेंस टीम स्वीकृति की प्रक्रिया भी जारी है।

विभाग के अनुसार वर्तमान में कई उपभोक्ता स्वीकृत लोड से अधिक बिजली उपयोग कर रहे हैं, जिससे ट्रांसफार्मरों का फ्यूज उड़ना और डीओ गिरने जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। अत्यधिक गर्मी और बढ़े हुए लोड के कारण कई स्थानों पर केबल आपस में चिपककर शॉर्ट सर्किट का कारण बन रहे हैं, जिससे केबल जलने और तार टूटने की घटनाएं सामने आ रही हैं। सूचना मिलते ही तकनीकी टीम मौके पर पहुंचकर जले हिस्से को हटाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर रही है।

बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अम्बस्थ ने नागरिकों से अपील की है कि वे पीक आवर्स में बिजली का विवेकपूर्ण उपयोग करें और अपने वास्तविक विद्युत भार की सही जानकारी विभाग को दें, ताकि आवश्यकतानुसार ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि और अतिरिक्त सर्किट की व्यवस्था की जा सके। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के सहयोग से ग्रिड पर अनावश्यक दबाव कम होगा और सभी को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।

उन्होंने बिजली कर्मचारियों की त्वरित और निष्ठापूर्ण कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि कर्मचारियों की मेहनत से कुछ ही घंटों में कई प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षित और सुचारू बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post