बिलासपुर। युवा कांग्रेस बिल्हा विधानसभा अध्यक्ष एवं सक्रिय युवा नेता सुनील साहू को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (ओबीसी विभाग) द्वारा जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर ग्रामीण (ओबीसी विभाग) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं युवाओं में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर और आतिशबाजी कर खुशी जताई।
सुनील साहू लंबे समय से कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। छात्र राजनीति से लेकर युवा कांग्रेस तक उन्होंने युवाओं, किसानों, मजदूरों और आमजन की समस्याओं को लगातार उठाया है। संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रियता और जमीनी पकड़ के कारण युवाओं के बीच उनकी मजबूत पहचान बनी हुई है।
सुनील साहू की पत्नी नगर पालिका बोदरी से कांग्रेस प्रत्याशी भी रह चुकी हैं। क्षेत्र में सामाजिक एवं राजनीतिक रूप से लगातार सक्रिय रहने के कारण पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
बिलासपुर ग्रामीण क्षेत्र में साहू समाज को प्रभावशाली मतदाता वर्ग माना जाता है। ऐसे में कांग्रेस द्वारा युवा और कर्मठ चेहरे को नेतृत्व सौंपना संगठन को नई मजबूती देने वाला कदम माना जा रहा है।
नवनियुक्त अध्यक्ष सुनील साहू ने कांग्रेस नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वे पार्टी द्वारा दिए गए दायित्व का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे तथा गांव-गांव तक संगठन को मजबूत बनाने का कार्य करेंगे।