छत्तीसगढ़ राजपत्रित अधिकारी संघ के तत्वाधान में आयोजित दक्षिण कौशल क्रिकेट लीग के चौथे संस्करण का भव्य समापन रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। अंतिम दिन खेले गए सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
पहला सेमीफाइनल रेलवे फाइटर और पुलिस परिवार बिलासपुर के बीच खेला गया, जिसमें पुलिस परिवार बिलासपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। इस मैच के मैन ऑफ द मैच इमरान रहे।
दूसरा सेमीफाइनल जल संसाधन बिलासपुर और बलौदा बाजार पुलिस के बीच खेला गया, जिसमें बलौदा बाजार पुलिस ने जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह बनाई। इस मुकाबले के मैन ऑफ द मैच त्रिलोक रहे।
नारी शक्ति को समर्पित सद्भावना मैच होमगार्ड वुमेन्स बिलासपुर और एडवोकेट 11 बिलासपुर के मध्य खेला गया, जिसमें होमगार्ड वुमेन्स टीम ने 35 रनों से शानदार जीत हासिल की।
मेगा फाइनल मुकाबला पुलिस परिवार बिलासपुर और बलौदा बाजार पुलिस के बीच खेला गया। बलौदा बाजार पुलिस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में सभी विकेट खोकर 83 रन बनाए और 84 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में पुलिस परिवार बिलासपुर की टीम 10 ओवर में 79 रन ही बना सकी और बलौदा बाजार पुलिस ने रोमांचक मुकाबले में 4 रनों से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले के मैन ऑफ द मैच द्वारका साहू रहे।
फाइनल के तुरंत बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
- बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार पुलिस परिवार बिलासपुर के इमरान को मिला।
- बेस्ट बॉलर का पुरस्कार बलौदा बाजार पुलिस के द्वारका साहू को दिया गया।
दोनों खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स साइकिल प्रदान की गई।
वहीं मैन ऑफ द सीरीज का खिताब पुलिस परिवार बिलासपुर के भागीरथी ने अपने नाम किया, जिन्हें इलेक्ट्रिक स्कूटी से सम्मानित किया गया। फाइनल मैच के मैन ऑफ द मैच को 32 इंच स्मार्ट टीवी प्रदान किया गया।
समापन समारोह में छत्तीसगढ़ राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रांत अध्यक्ष एवं डॉ. ने सभी टीमों, अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया तथा आने वाले वर्षों में इस आयोजन को और अधिक भव्य रूप देने का संकल्प लिया।
12 दिनों तक चली इस भव्य रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता में बलरामपुर, कोरबा, रायगढ़, रायपुर, बिलासपुर, कवर्धा, बेमेतरा, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, बलौदा बाजार, राजनांदगांव, सरगुजा, दुर्ग, बालोद, सक्ती, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सारंगढ़, लोरमी, मोहला-मानपुर-चौकी सहित लगभग 20 जिलों की 48 टीमों ने हिस्सा लिया। सभी मुकाबले रोमांचक और सफलतापूर्वक संपन्न हुए।