आदिवासी किसान की जमीन पर दबंगों का कब्जा, कार्रवाई नहीं होने से परेशान पीड़ित पहुंचा जिला इंटक कार्यालय

डेली न्यूज़ टाइम्स.... ( जिया उल्ला खान )....
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ग्राम पंचायत पढ़खुरी (थाना गौरेला) से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक गरीब आदिवासी किसान की जमीन पर दबंगों द्वारा कब्जा किए जाने और प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई नहीं होने के आरोप लगे हैं। परेशान किसान ने अब न्याय की गुहार लगाते हुए राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के जिला कार्यालय का दरवाजा खटखटाया है।
पीड़ित किसान राम भजन ओट्टी ने बताया कि उसकी जमीन पर मध्यप्रदेश के जैतहरी थाना क्षेत्र के ग्राम लपटा निवासी प्रेम सिंह खुसरो अपने साथी राम सिंह मरावी के साथ मिलकर जबरन कब्जा कर रहा है। आरोप है कि दोनों आरोपी न सिर्फ जमीन पर कब्जा किए हुए हैं, बल्कि उस पर उगाई गई फसल भी काट लेते हैं।

किसान ने बताया कि उसने अपनी जमीन खेती के लिए अपनी दादी भंवर सिंह मरावी को दी थी, लेकिन दबंगों द्वारा लगातार हस्तक्षेप और कब्जे के चलते खेती करना मुश्किल हो गया है। विरोध करने पर आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी दी जाती है, जिससे परिवार भय के माहौल में जी रहा है।

पीड़ित के अनुसार, इस मामले को लेकर पहले भी थाना गौरेला में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। किसान ने यह भी आरोप लगाया कि उस समय के थाना प्रभारी द्वारा उल्टा उन्हें ही कार्रवाई की धमकी दी गई, जिसके कारण वे दोबारा पुलिस के पास जाने से डर गए।
गांव के लोगों की सलाह पर आखिरकार किसान राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के जिला कार्यालय पहुंचा और अपनी लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत मिलने के बाद इंटक के जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संगठन के पदाधिकारियों को पूरे प्रकरण की जांच करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पीड़ित किसान को जमीन से जुड़े सभी दस्तावेज लेकर दो दिन बाद पुनः कार्यालय आने को कहा गया है।

इदरीस अंसारी ने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो पीड़ित किसान को उसका हक दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि पुलिस द्वारा कार्रवाई न करना और शिकायतकर्ता को ही धमकाना गंभीर विषय है, जिसकी भी जांच की जाएगी।

अब देखना होगा कि दो दिन बाद होने वाली अगली कार्रवाई में पीड़ित किसान को न्याय मिलता है या नहीं, और प्रशासन इस मामले में क्या रुख अपनाता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post