आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: देर रात छापेमारी में अवैध महुआ शराब बनाते तीन आरोपी गिरफ्तार

डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )...
बिलासपुर जिले में अवैध मदिरा निर्माण और नशाखोरी पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार सघन कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग बिल्हा की टीम ने उच्च अधिकारियों के निर्देश और मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर चकरभाठा-बोदरी क्षेत्र में देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से कच्ची शराब बना रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 की अल सुबह आबकारी विभाग बिल्हा की टीम ने बोदरी के वर्मा मोहल्ला में छापा मारकर तीन लोगों को हाथ भट्टी से महुआ शराब बनाते रंगे हाथ पकड़ा। विभाग की टीम ने राजकुमार वर्मा, विवेक वर्मा और संतु वर्मा के घरों की तलाशी ली, जहां बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए।
कार्रवाई के दौरान राजकुमार वर्मा के कब्जे से 80 लीटर महुआ शराब तथा शराब निर्माण के लिए तैयार 90 किलोग्राम लाहन बरामद किया गया। वहीं संतु वर्मा के पास से 70 लीटर कच्ची शराब और 75 किलोग्राम महुआ पास जब्त किया गया। इसके अलावा विवेक वर्मा के घर से 80 लीटर महुआ शराब, 60 किलोग्राम लाहन, तथा हाथ भट्टी शराब बनाने में उपयोग होने वाले झांझी-झोकनी और अन्य उपकरण जब्त किए गए।
आबकारी विभाग ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड प्राप्त करने के बाद जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व सहायक जिला आबकारी अधिकारी छवि पटेल ने किया। उनके साथ आबकारी उपनिरीक्षक भूपेन्द्र जामडे, मुख्य आरक्षक अनिल पांडे, आरक्षक राहुल दुबे, मुन्नी देवांगन, दिशा लहरे, तथा वाहन चालक संदीप खल्खो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि अवैध शराब निर्माण और बिक्री करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post