डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )...
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में मजदूरों और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) लगातार सक्रिय नजर आ रही है। हाल ही में लेबर ठेकेदार से भुगतान नहीं मिलने की शिकायत पर इंटक जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी की पहल से एक मजदूर को ₹50 हजार दिलाए गए।
मामला पिछले सप्ताह का है, जब नरेन्द्र सिंह सतनामी, निवासी सारबहरा, ने जिला कार्यालय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस इंटक पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में मजदूरी भुगतान नहीं मिलने की बात कही गई थी। मामला सरकारी कर्मचारी से जुड़ा होने के कारण इंटक जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने तत्काल संबंधित अधिकारी से फोन पर संपर्क कर उन्हें कार्यालय बुलाकर पक्ष रखने को कहा।
अधिकारी ने रविवार को कार्यालय पहुंचकर अपना पक्ष रखा। इसके बाद इंटक अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराते हुए मजदूर को ₹50 हजार देने का निर्णय कराया, जिस पर दोनों पक्ष सहमत हुए। अधिकारी ने राशि जमा करने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा और 19 अप्रैल की शाम इंटक जिला अध्यक्ष के पास ₹50 हजार जमा कर दिए।
राशि मिलने के बाद इदरीस अंसारी ने मजदूर नरेन्द्र सतनामी को तत्काल सूचना दी, लेकिन परिवार में शोक होने के कारण वह उस दिन नहीं पहुंच सका। बाद में आज मजदूर कार्यालय पहुंचा, जहां इंटक अध्यक्ष ने उसे पूरी राशि सौंप दी।
इसी दौरान एक अन्य मामला देवरी कला के एक गरीब किसान का सामने आया, जिसने सहकारी बैंक से ऋण लिया था लेकिन फसल खराब होने और तबीयत खराब रहने के कारण वह किश्त जमा नहीं कर पाया। किसान देव सिंह ने इंटक जिला अध्यक्ष से मदद की गुहार लगाई। इस पर इदरीस अंसारी ने किसान को आश्वासन दिया कि बैंक के फील्ड ऑफिसर से बात कर ब्याज में राहत दिलाने का प्रयास किया जाएगा, हालांकि मूलधन जमा करना होगा। किसान ने इस शर्त पर सहमति जताई।
इंटक जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने मीडिया को बताया कि इंटक जिला कार्यालय गरीब मजदूरों, किसानों और आदिवासियों के लिए उम्मीद का केंद्र बनता जा रहा है, जहां निष्पक्ष तरीके से समस्याओं का समाधान किया जाता है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से जिले में इंटक परिवार से लोगों का जुड़ाव तेजी से बढ़ रहा है।
उन्होंने आगे बताया कि 1 मई अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर संगठन द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए पदाधिकारियों को मजदूरों से संपर्क कर उनकी समस्याएं जानने की जिम्मेदारी दी गई है। कार्यक्रम में मजदूरों की मजदूरी रोकने वाले संस्थानों और उद्योगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई जाएगी।
इदरीस अंसारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मजदूरों का शोषण अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जल्द ही हर क्षेत्र में यूनियन गठन का काम तेज किया जाएगा।