डेली न्यूज़ टाइम्स.... ( जिया उल्ला खान ).....
बिलासपुर। चकरभाटा स्थित मदर्स प्राइड वर्ल्ड स्कूल में 9 अप्रैल 2026 को विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक विशेष “डेंटल चेकअप कैंप” का आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन त्रिवेनी इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज, हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत इस संदेश के साथ की गई कि “मुस्कान के बिना आपका पहनावा अधूरा है।” इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए स्कूल प्रबंधन ने बच्चों के मौखिक स्वास्थ्य की जांच और जागरूकता पर जोर दिया।
कैंप में स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने बच्चों के दांतों की जांच की और उन्हें सही ब्रशिंग तकनीक, खानपान और दैनिक जीवन में मौखिक स्वच्छता बनाए रखने के महत्वपूर्ण टिप्स दिए।
स्कूल प्रबंधन ने बताया कि मदर्स प्राइड वर्ल्ड स्कूल में शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के संपूर्ण विकास और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उनका मानना है कि अच्छा स्वास्थ्य एक स्वस्थ मस्तिष्क का निर्माण करता है, जो बच्चों की प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाता है।
इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल स्वास्थ्य जांच का लाभ मिला, बल्कि उन्हें अपने दांतों और मुस्कान की देखभाल के प्रति जागरूक भी किया गया।