डीपीएल सीजन-4 में रोमांच चरम पर: खेले गए 4 मुकाबले, सेमीफाइनल की तस्वीर साफ

डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )....
बिलासपुर/.... मिनी स्टेडियम गांधी चौक में बिलासपुर यूथ एंड वेलफेयर के तत्वाधान में आयोजित “डिपार्टमेंटल प्रीमियर लीग उन्नति कप (डीपीएल) सीजन-4” के तीसरे दिन चार रोमांचक मुकाबले खेले गए। आयोजन समिति के अध्यक्ष अख्तर खान ने जानकारी देते हुए बताया कि दिन भर खेले गए मुकाबलों में टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया और सेमीफाइनल की तस्वीर भी काफी हद तक साफ हो गई।
पहला मैच प्री-क्वार्टर फाइनल के रूप में मुंगेली पुलिस और राजनांदगांव पुलिस के बीच खेला गया। राजनांदगांव पुलिस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 91 रन बनाए। जवाब में मुंगेली पुलिस ने 7 ओवर 2 गेंद में 92 रन बनाकर जीत हासिल कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इस मैच के मैन ऑफ द मैच गोपाल रहे, जिन्हें डॉ. रमरेश मूर्ति के हाथों सम्मानित किया गया।
दूसरा मुकाबला क्वार्टर फाइनल में मेडिकल वॉरियर बिलासपुर और बिलासपुर पुलिस के बीच खेला गया। मेडिकल वॉरियर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 91 रन बनाए। जवाब में बिलासपुर पुलिस ने महज 5.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। इमरान खान ने शानदार 40 रन की पारी खेली और मैन ऑफ द मैच बने। उन्हें अरुण सिंह चौहान और प्रमोद नायक ने पुरस्कार प्रदान किया।
तीसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला मुंगेली पुलिस और कोरबा पुलिस के बीच हुआ। कोरबा पुलिस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 109 रन बनाए, जिसमें भवानी (42 रन) और संजय (32 रन) का अहम योगदान रहा। जवाब में मुंगेली पुलिस 80 रन ही बना सकी और कोरबा पुलिस ने 29 रनों से जीत दर्ज की।
 भवानी को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जिन्हें शेरू असलम, आदिल आलम खैरानी और अनस खान ने सम्मानित किया।
दिन का चौथा और अंतिम क्वार्टर फाइनल पेंड्रा एजुकेशन और बेमेतरा पुलिस के बीच खेला गया। पेंड्रा एजुकेशन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 72 रन बनाए, जिसमें मुकुंद ने 35 रन जोड़े। जवाब में बेमेतरा पुलिस ने 5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। अमन ने 45 रन की शानदार पारी खेली और मैन ऑफ द मैच बने। उन्हें क्रेडाई के अजय श्रीवास्तव ने पुरस्कार प्रदान किया।
सभी मैचों में स्कोरिंग की जिम्मेदारी मोइन मिर्जा ने निभाई, जबकि कमेंट्री कृष्णा तिवारी ने की। आयोजन को सफल बनाने में विवेक दुबे, योगेश पांडे, प्रदीप पांडे, देव रूद्रकर, जेपी मानिकपुरी, आसिफ अली, सृजन जायसवाल, सौरभ मजूमदार, परिवेश दीवान, अजय साहू, किरण निषाद, अमलेश पाली, शिशिर निषाद, अनीश कौशिक, विजय नापित, प्रकाश धुरी सहित कई सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post