ठेकेदार की लापरवाही से वार्ड बना नरक! 9 महीने में भी अधूरी नाली, जनता बेहाल

डेली न्यूज़ टाइम्स.... डेस्क खबर /जीपीएम....
नगर पालिका परिषद गौरेला के वार्ड क्रमांक 3 में नाली निर्माण कार्य अब भ्रष्ट कार्यशैली और ठेकेदार की घोर लापरवाही की जीती-जागती मिसाल बन चुका है। करीब 9 महीने बीत जाने के बावजूद काम अधूरा पड़ा है, और ठेकेदार संदीप राजपूत मानो जिम्मेदारी से पूरी तरह मुंह मोड़ चुके हैं।
पार्षद आयुष सोनी ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को दिए आवेदन में साफ कहा है कि ठेकेदार ने काम बीच में ही छोड़ दिया और अब तक कोई सुध नहीं ली। कई जगह नालियां अधूरी पड़ी हैं, तो कई स्थानों पर काम शुरू तक नहीं हुआ—यह सीधी-सीधी जनता के साथ धोखा और लापरवाही का खुला खेल है।
वार्ड के हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। खुले गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं, जबकि सड़कों पर जमा गंदा पानी दुर्गंध और मच्छरों का अड्डा बन चुका है। स्थानीय लोग बीमारियों के डर में जीने को मजबूर हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और ठेकेदार दोनों ही आंखें मूंदकर बैठे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर कब तक जनता इस लापरवाही की सजा भुगतेगी? क्या ठेकेदार पर कोई कार्रवाई होगी या फिर यूं ही काम अधूरा छोड़कर जिम्मेदार बच निकलेंगे?
पार्षद ने साफ चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही निष्पक्ष जांच कर ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई और काम पूरा नहीं कराया गया, तो मामला और उग्र हो सकता है। अब देखना यह है कि प्रशासन जागता है या फिर जनता का गुस्सा सड़कों पर फूटता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post