डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )
बिलासपुर...
बिलासपुर के देवरीखुर्द क्षेत्र में आनंद निकेतन कॉलोनी के पास अवैध प्लाटिंग का मामला सामने आया है। मुख्य सड़क से लगी जमीन और कॉलोनी के बाजू नीम के पेड़ के नीचे बाकायदा मार्किंग कर प्लॉट काटे जा रहे हैं और उन्हें 1850 से 1950 रुपये प्रति वर्गफुट की दर से बेचा जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक बिना किसी वैधानिक अनुमति के कच्ची प्लाटिंग कर खुलेआम जमीन की बिक्री की जा रही है, जिससे शासन-प्रशासन के नियमों को चुनौती मिल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर सरकार अवैध कॉलोनियों और फर्जी जमीन की खरीद-फरोख्त पर रोक लगाने के बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर ऐसे मामले खुलेआम सामने आ रहे हैं।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा है कि भूमाफिया सक्रिय होकर बड़े स्तर पर जमीन की बिक्री कर रहे हैं। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में प्लॉट खरीदने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
डेली न्यूज़ टाइम्स के पास मौजूद दस्तावेजों से यह भी संकेत मिल रहे हैं कि भू-माफिया एक बार फिर बड़े स्तर पर प्रशासन को चूना लगाने की तैयारी में हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या यह पूरा खेल स्थानीय राजस्व अमले की जानकारी के बिना संभव है?
वहीं इस संबंध में जब पटवारी राकेश साहू से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि वे मौके को देखकर तहसीलदार को रिपोर्ट करेंगे।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस अवैध प्लाटिंग पर कब कार्रवाई करता है और क्या भूमाफिया पर शिकंजा कसता है या नहीं।