डेली न्यूज़ टाइम्स.... ( जिया उल्ला खान ).....
बिलासपुर.....
आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आधारशिला विद्या मन्दिर न्यू सैनिक स्कूल में महिलाओं के सम्मान में एक भव्य एवं ज्ञानवर्धक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नीतू श्रीवास्तव एवं रश्मि श्रीवास्तव उपस्थित रही। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिलाओं के योगदान को सम्मान देना तथा विद्यार्थियों में महिलाओं के प्रति आदर और समानता की भावना विकसित करना था।अतिथियों का स्वागत लधुपौध भेंट करके किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देता है। कार्यक्रम में रुचि देवांगन द्वारा गणपति वंदना की आकर्षक नृत्य प्रस्तुति ने सभी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर एस के जनास्वामी सर ने कार्यक्रम के उद्देश्य एवं शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किसी भी समाज के विकास में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। यदि महिलाओं को समान अवसर, शिक्षा और सम्मान दिया जाए तो वे समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। वहीं रोविन सर प्रयास अकादमी के विद्यार्थियों को विज्ञान और एस्ट्रो पर आधारित पोस्टर बनाने के लिए प्रमाण पत्र वितरित किये। कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला अतिथियों का सम्मान स्मृति-चिन्ह भेंट कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्या आर मधुलिका ने विद्यालय की गतिविधियों के साथ-साथ AVM एवं NSS के कार्यों की जानकारी दी। इसी क्रम में विकास सर ने SIP कार्यक्रम के बारे में विस्तार से बताया।कार्यक्रम में आगामी मेगा एजुकेशन एक्सपो का कर्टन रेज़र भी प्रस्तुत किया गया, जिससे विद्यार्थियों और अतिथियों में उत्साह देखा गया।
अंततः विद्यालय के चेयरमेन डॉ. अजय श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया और महिला सशक्तिकरण के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि महिलाओं की प्रगति ही समाज की सच्ची प्रगति है ।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार, विद्यार्थी एवं अनेक गणमान्य अतिथि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का संचालन अध्यापिका सुश्री भूमिका शेंगाले और श्रीमती अनामिका उपाध्याय ने किया।