डेली न्यूज़ टाइम्स.... ( जिया उल्ला खान )
क्रिकेट जगत...
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) में शामिल बांग्लादेशी तेज़ गेंदबाज़ मुस्तफिजुर रहमान को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद गहराता नजर आ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, BCCI सचिव देवजीत सैकिया का बयान सामने आया है, जिसमें KKR को मुस्तफिजुर रहमान को स्क्वॉड से रिलीज करने की सलाह दिए जाने की बात कही जा रही है। साथ ही यह भी बताया गया है कि फ्रेंचाइज़ी को रिप्लेसमेंट खिलाड़ी उपलब्ध कराया जाएगा।
दरअसल, बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ हो रहे कथित अत्याचारों को लेकर देशभर में विरोध की आवाज़ें उठ रही हैं। इसी मुद्दे को लेकर कुछ संगठनों और सोशल मीडिया यूज़र्स ने KKR और टीम के मालिक शाहरुख़ खान को निशाने पर लिया। आरोप लगाए गए कि ऐसे माहौल में बांग्लादेशी खिलाड़ी को टीम में शामिल करना संवेदनशील है।
विवाद बढ़ने के बाद मामला क्रिकेट प्रशासन तक पहुंचा और BCCI ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हस्तक्षेप किया। हालांकि, इस पूरे मामले में KKR या मुस्तफिजुर रहमान की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
फिलहाल, यह मामला सोशल मीडिया चर्चाओं और रिपोर्ट्स पर आधारित है, और BCCI व IPL की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।