डेली न्यूज़ टाइम्स.... ( जिया उल्ला खान )....
बिलासपुर। थाना पचपेड़ी क्षेत्र के ग्राम विद्याडीह स्थित लीलागर नदी एनीकट चंदेल घाट में नववर्ष के अवसर पर पिकनिक मनाने गए युवकों के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी अजीत कुर्रे, निवासी ग्राम जलसों, पेशे से किसान हैं। उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 2 बजे वे अपने साथियों योगेन्द्र सिंह कमलाकर, बलवीर सिंह राय, मृगनेश कुर्रे, दुर्गेश बंजारे एवं राहुल कमलाकर के साथ नववर्ष के उपलक्ष्य में पिकनिक मनाने विद्याडीह लीलागर नदी एनीकट, चंदेल घाट पहुंचे थे।
शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच ग्राम विद्याडीह निवासी करन, भुजबल यादव, अनुप कश्यप एवं राजा साहू वहां पहुंचे और अश्लील गाली-गलौच करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने एक राय होकर जान से मारने की धमकी दी और अजीत कुर्रे पर हाथ-मुक्का, बेल्ट, चूड़ा एवं रॉड से हमला कर दिया।
हमले में अजीत कुर्रे के सिर, चेहरे, पीठ और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के समय उसके साथी मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।