डेली न्यूज़ टाइम्स.... ( जिया उल्ला खान)....
जांजगीर-चांपा...
जांजगीर-चांपा जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। घरेलू विवाद और जमीन बंटवारे की बात को लेकर एक युवक ने अपने ही सगे भाई की निर्मम हत्या कर दी। घटना के कुछ ही घंटों के भीतर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी चंद्रहास टैगोर पिता राजकुमार टैगोर उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम पुटपुरा वार्ड क्रमांक 20 जांजगीर, का अपने भाई चंद्रभूषण टैगोर से लंबे समय से जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। मृतक आए दिन शराब के नशे में गाली-गलौज और झगड़ा करता था।
दिनांक 13 जनवरी 2026 की रात लगभग 8:30 बजे, विवाद बढ़ने पर आरोपी ने घर में रखे लोहे के एंगल से अपने भाई के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और मौके पर ही युवक की मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया।
घटना की सूचना पर थाना कोतवाली में हत्या का अपराध दर्ज कर लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय (भापुसे) ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम पुटपुरा से आरोपी को भागते हुए पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 01 नग लोहे का एंगल भी बरामद कर लिया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।