डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )....
गौरेला–पेंड्रा–मरवाही...
गौरेला थाना क्षेत्र में हुए एक सनसनीखेज अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने महज तीन दिनों में सुलझा लिया है। इस हत्याकांड में मृतक का सगा बड़ा भाई ही आरोपी निकला, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 31 दिसंबर 2025 की रात लगभग 10 बजे से 1 जनवरी 2026 की सुबह 5 बजे के बीच की है। मृतक चंद्रभान सिंह उरेती (29), निवासी वार्ड क्रमांक 10, लमराटोला बरवासन, पोस्ट हर्री, का शव उसके घर के सामने संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला था। मृतक के सिर, चेहरे, गले और कान पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए थे, जिससे स्पष्ट हुआ कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही गौरेला पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक जांच में आरोपी का कोई सुराग नहीं मिलने से मामला अंधा कत्ल बन गया था। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की।
पारिवारिक विवाद बना हत्या की वजह
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना गौरेला पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान मृतक के पारिवारिक और सामाजिक संबंधों की गहन पड़ताल की गई। इसी दौरान सामने आया कि मृतक और उसके बड़े भाई के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद और तनाव चल रहा था।
संदेह के आधार पर जब बड़े भाई चेतन सिंह उरेती (42) से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आपसी विवाद के चलते आरोपी ने अपने ही छोटे भाई की जान ले ली।
आरोपी न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इनकी रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी गौरेला निरीक्षक सौरभ सिंह ने किया। टीम में उप निरीक्षक सनत मात्रे, राम निवास राठौर, सहायक उप निरीक्षक गोपाल डहरिया और आरक्षक कौशलेन्द्र बघेल शामिल रहे। वहीं साइबर सेल से आरक्षक राजेश शर्मा, सुरेन्द्र विश्वकर्मा और हर्ष गहरवार ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया।