दोगुना मुनाफे का झांसा बना करोड़ों की ठगी, बिलासपुर के युवक को लगा 1 करोड़ 31 लाख का चुना, तोरवा थाने में मामला दर्ज

डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )...
बिलासपुर। ऑनलाइन निवेश के नाम पर दोगुना मुनाफा दिलाने का लालच देकर साइबर ठगों ने बिलासपुर जिले में एक व्यक्ति से 1 करोड़ 31 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामला सामने आने के बाद तोरवा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, हेमूनगर निवासी कुलवीर सिंह भट्टी पहले हैवंस कंपनी में कार्यरत थे। मई 2025 में उनके मोबाइल फोन पर एक अनजान नंबर से लिंक भेजा गया, जिसमें निवेश करने पर कम समय में दोगुना लाभ मिलने का दावा किया गया था। लिंक खोलने के बाद ठगों ने उन्हें भरोसे में लेकर निवेश की प्रक्रिया समझाई।

शुरुआत में कम रकम निवेश कराने के बाद ठगों ने धीरे-धीरे बड़ी राशि जमा कराने का दबाव बनाया। आरोपियों ने अलग-अलग बहाने बनाकर पीड़ित से लगातार पैसे मंगवाए। ठगों के झांसे में आकर कुलवीर सिंह ने घर के सोने-चांदी के जेवर गिरवी रखे, साथ ही रिश्तेदारों और परिचितों से उधार लेकर रकम जुटाई।
करीब आठ महीनों की अवधि में पीड़ित ने अलग-अलग खातों में कुल 1 करोड़ 31 लाख रुपये जमा कर दिए। जब उन्होंने निवेश का मुनाफा निकालने की मांग की, तो ठगों ने 85 हजार रुपये और जमा करने पर पूरी राशि लौटाने का भरोसा दिलाया।

अतिरिक्त रकम न मिलने पर ठगों ने अचानक संपर्क तोड़ दिया और मोबाइल नंबर बंद कर लिया। इसके बाद परिजनों से बातचीत करने पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तोरवा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारकों के खिलाफ बीएनएस की धारा 66(घ) एवं 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल नंबर, बैंक खातों और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। साथ ही आम लोगों से भी ऑनलाइन निवेश से पहले सतर्क रहने की अपील की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post