डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )...
रायपुर....
रायपुर पुलिस को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना आमानाका पुलिस ने प्रतिबंधित मादक पदार्थ हेरोईन (चिट्टा) के साथ हरभजन सिंह सहित दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 25.27 ग्राम हेरोईन एवं एक मोटरसाइकिल जप्त की गई है, जिसकी कुल कीमत लगभग 2 लाख 67 हजार 700 रुपये आंकी गई है।
दिनांक 16 जनवरी 2026 को थाना आमानाका पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि नया बायपास रोड, टाटीबंध स्थित वीर सिंह चाय ठेला के पास दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर खड़े होकर अवैध रूप से हेरोईन बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी आमानाका के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई।
पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान राकेश कुमार पिता तुला उर्फ आशीक सिख (42 वर्ष), निवासी जिला फिरोजपुर, पंजाब एवं हरभजन सिंह पिता रतन सिंह औलक (40 वर्ष), निवासी वीर सावरकर नगर, थाना कबीर नगर, रायपुर के रूप में हुई
तलाशी के दौरान आरोपी राकेश कुमार के पास से 15.32 ग्राम हेरोईन (चिट्टा) एवं आरोपी हरभजन सिंह के पास से 9.95 ग्राम हेरोईन (चिट्टा) बरामद की गई। साथ ही मोटरसाइकिल क्रमांक CG-25-L-6891 भी जप्त की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी हरभजन सिंह के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक कार्यवाही हो चुकी है, जिससे उसके नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका और मजबूत हुई है।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 17/26, धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया है। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इस तरह की सख्त कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।