डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )....
बिलासपुर। शहर के चर्चित मिठाई एवं नाश्ता प्रतिष्ठान मौसा जी होटल पर सोमवार को की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ शहर की सभी 5 शाखाओं पर दबिश दी। रायपुर और बिलासपुर से आई संयुक्त GST टीम ने अचानक यह छापा मारकर पूरे व्यापारिक जगत में हड़कंप मचा दिया।
GST टीम ने श्रीकांत वर्मा मार्ग, तिफरा, सरकंडा, मंगला और गोलबाजार स्थित सभी आउटलेट्स पर एक साथ जांच शुरू की। सूत्रों के मुताबिक, सुबह टीम के कुछ अधिकारी इसी होटल में नाश्ते के लिए पहुंचे थे, लेकिन शाम करीब 4:30 बजे अचानक पूरी टीम ने सभी शाखाओं पर एकसाथ छापेमारी कर दी, जिससे स्टाफ और ग्राहकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कंप्यूटर से लेकर रजिस्टर तक जब्त
जांच के दौरान GST अधिकारियों ने सभी शाखाओं से:
- बिक्री से जुड़े रजिस्टर
- कंप्यूटर और लैपटॉप
- बिलिंग सिस्टम का डेटा
- टैक्स भुगतान से संबंधित फाइलें
को अपने कब्जे में ले लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद सिस्टम के सॉफ्टवेयर में दर्ज पूरे लेन-देन का रिकॉर्ड खंगाला, वहीं बिल पर्चियों का मिलान टैक्स रिटर्न से किया गया।
जॉइंट कमिश्नर के नेतृत्व में हुई जांच
इस कार्रवाई का नेतृत्व GST विभाग के जॉइंट कमिश्नर कर रहे थे। टीम ने देर रात करीब 12 बजे तक सभी दस्तावेजों की गहन पड़ताल की। जॉइंट कमिश्नर रात लगभग 10:30 बजे मौके से रवाना हो गए, लेकिन अन्य अधिकारी देर रात तक होटल की विभिन्न शाखाओं में जांच करते रहे।
टैक्स हेराफेरी की पुख्ता आशंका
हालांकि GST विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों की मानें तो जांच में बड़े स्तर पर टैक्स चोरी और बिक्री में गड़बड़ी के संकेत मिले हैं। इसी वजह से विभाग ने कई अहम दस्तावेजों की कॉपी जब्त कर अपने साथ ले ली है।
व्यापारिक वर्ग में मचा हड़कंप
शहर के प्रमुख और प्रतिष्ठित होटल पर हुई इस कार्रवाई के बाद बिलासपुर के व्यापारिक जगत में हड़कंप मचा हुआ है। लोग इसे अब तक की सबसे बड़ी GST कार्रवाई बता रहे हैं। माना जा रहा है कि दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद विभाग द्वारा करोड़ों रुपये के टैक्स निर्धारण और जुर्माने की कार्रवाई भी हो सकती है।
फिलहाल सभी की नजरें GST विभाग की आधिकारिक रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं, जिसके बाद पूरे मामले का असली सच सामने आ सकेगा।