सरकंडा पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाए चोरी के दो बड़े मामले, एक आरोपी और एक नाबालिग गिरफ्तार

डेली न्यूज़ टाइम्स...( जिया उल्ला खान )...

बिलासपुर....

जिले के थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग चोरी की वारदातों का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक शातिर आरोपी और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार करते हुए कुल 1 लाख 11 हजार 675 रुपये का मशरूका बरामद किया है, जिसमें तीन मोबाइल फोन, नगद रकम और सोने-चांदी के आभूषण शामिल हैं।


पहला मामला – घर से नगदी, मोबाइल और मंगलसूत्र की चोरी

प्रार्थी प्रकाश यादव निवासी खमतराई ने 30 नवंबर 2025 को सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 नवंबर की रात भोजन करने के बाद वह अपने कमरे में सो गया था। सुबह उठने पर देखा कि कमरे की खिड़की खुली हुई थी और बिस्तर के पास रखा पर्स गायब था। पर्स में 6000 रुपये नगद, एक वीवो मोबाइल फोन और सोने का मंगलसूत्र रखा हुआ था। इस मामले में थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1645/2025 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

दूसरा मामला – ताले लगे घर से गहने और नगदी की चोरी

दूसरा मामला खमतराई आवासपारा निवासी ई-रिक्शा चालक लालाराम केंवट द्वारा दर्ज कराया गया। उसने बताया कि 5 अक्टूबर 2025 की दोपहर वह घर में ताला लगाकर ई-रिक्शा चलाने गया था। कमरे में मोबाइल चार्जिंग पर लगा हुआ था। शाम को लौटने पर देखा कि मोबाइल, 5000 रुपये नगद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो चुके थे। इस चोरी की कुल कीमत लगभग 60 हजार रुपये आंकी गई। इस पर अपराध क्रमांक 1646/2025 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मुखबिर की सूचना से खुला मामला

दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी और मुखबिर तैनात किए गए। 1 दिसंबर 2025 को सूचना मिली कि खमतराई काली मंदिर के पास दो युवक चोरी का मोबाइल बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल और सीएसपी (सिविल लाइन/सरकंडा) निमितेश सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर तत्काल दबिश दी गई।


पूछताछ में चोरी स्वीकार, पूरा माल बरामद

पुलिस ने संदेही शिवराज यादव और उसके नाबालिग साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने प्रकाश यादव और लालाराम केंवट के घरों से चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल, नगद राशि और सोने-चांदी के आभूषण सहित कुल 1,11,675 रुपये का मशरूका बरामद किया गया।

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए दोनों आरोपी

पुलिस द्वारा आरोपी शिवराज यादव और विधि से संघर्षरत नाबालिग को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। दोनों मामलों में अलग-अलग जब्ती कार्रवाई की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post