डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )...
बिलासपुर... दिनांक 20 दिसंबर 2025 को रजनेश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला बिलासपुर द्वारा थाना सरकण्डा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में उपस्थित फरियादियों से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनी गईं तथा प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में सीसीटीएनएस कक्ष में कार्यों की समीक्षा की गई। रिकॉर्ड संधारण एवं अद्यतन स्थिति संतोषजनक पाए जाने पर उत्कृष्ट कार्य हेतु सीसीटीएनएस आरक्षक रविशंकर ध्रुव को ईनाम देने की घोषणा की गई।
इसके पश्चात रीडर शाखा का निरीक्षण करते हुए पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन से जुड़े लंबित प्रकरणों की जानकारी ली गई। दिसंबर माह से पूर्व का कोई भी पासपोर्ट सत्यापन लंबित नहीं पाया गया तथा चरित्र सत्यापन प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित होने पर रीडर आरक्षक लालबहादुर कुर्रे को ईनाम दिए जाने की अनुशंसा की गई
विवेचक कक्ष के निरीक्षण में पुराने लंबित अपराधों की समीक्षा की गई। विवेचक सउनि प्रवीण लाल एवं प्र.आर. राजेश्वर छत्री के पास वर्ष 2024 एवं उससे पूर्व का कोई भी प्रकरण लंबित नहीं पाया गया। वर्ष 2025 के मात्र एक-एक प्रकरण लंबित होने पर उन्हें भी उत्कृष्ट कार्य हेतु ईनाम देने की घोषणा की गई। अन्य विवेचकों को लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने बीट क्षेत्रों में सतत गश्त, चोरी-नकबजनी जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण तथा आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही थाना क्षेत्र के गुण्डा एवं निगरानी बदमाशों को तलब कर कड़ी हिदायत देने एवं सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध समय-समय पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस द्वारा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने हेतु लगातार सघन पेट्रोलिंग की जा रही है। हाल के दिनों में 35 गुंडा-बदमाशों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की गई है। आज ही 06 बदमाशों पर धारा 170 बीएनएसएस तथा 01 बदमाश पर आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही की गई, जिनमें चाकूबाजी जैसे गंभीर अपराधों में पूर्व संलिप्त अपराधी भी शामिल हैं।
आज की आर्म्स एक्ट की कार्यवाही से संतुष्ट होकर प्र.आर. विजय पाण्डे को तथा थाना के समग्र एवं सुचारु संचालन से संतुष्ट होकर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य को नगद ईनाम देने की घोषणा की गई।
निरीक्षण के समापन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना सरकण्डा के समस्त विवेचकों को अपराध निराकरण में और अधिक गति लाने हेतु प्रेरित किया गया तथा वर्ष के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित/ईनामित किए जाने की घोषणा की गई।