डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )....
रतनपुर/बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत शनिचरी मोड़ पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने आगे चल रही स्विफ्ट कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी दो बाइकों से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
जानकारी के अनुसार, स्विफ्ट कार में सवार दुर्ग जिले का एक परिवार मां महामाया मंदिर में दर्शन कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सड़क से फिसलते हुए किनारे खड़ी दो मोटरसाइकिलों से जा भिड़ी, जिससे दोनों बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
हादसे की सूचना मिलते ही बिलासपुर पुलिस हरकत में आई। रतनपुर थाना प्रभारी नीलेश पांडे स्वयं पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को प्राथमिक उपचार दिलाया और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी तेज थी। प्रारंभिक जांच में भी स्कॉर्पियो चालक की लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने मौके से आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने इस घटना के बाद आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें। तेज रफ्तार और नियमों की अनदेखी न केवल आपकी, बल्कि दूसरों की जान के लिए भी खतरा बन सकती है। यातायात नियमों का पालन करें, क्योंकि सुरक्षित घर पहुंचना ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।