ऑपरेशन निश्चय: रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 किलो गांजा और जंगली जीव गोह के साथ शातिर आरोपी गिरफ्तार

डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )...
रायपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत Raipur Police को बड़ी सफलता मिली है। थाना आरंग क्षेत्र अंतर्गत इंदिरा चौक स्थित मोनू ब्रायलर दुकान के पास पुलिस ने एक शातिर आरोपी को 05 किलोग्राम गांजा, गांजा बिक्री की नगदी राशि और दो नग जंगली जीव गोह (गोइंहा) के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी का नाम हुकुमत साहू (उम्र 37 वर्ष) निवासी देवारपारा, तेलीबांधा, रायपुर बताया गया है। 
आरोपी एक्टिवा वाहन से गांजा बेचने की फिराक में था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से गांजा (कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये), नकद 1,27,260 रुपये, घटना में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन (CG 04 NX 9029) तथा एक झोले में रखे दो जंगली जीव गोह बरामद किए गए। जप्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 4.50 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी हुकुमत साहू एक शातिर अपराधी है, जिसके विरुद्ध थाना तेलीबांधा में हत्या, हत्या का प्रयास, बलवा, नारकोटिक एक्ट, चोरी, नकबजनी, मारपीट सहित कुल 15 अपराध पंजीबद्ध हैं। आरोपी हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा भी काट चुका है और तेलीबांधा में दर्ज नारकोटिक एक्ट के प्रकरण में फरार था।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना आरंग पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। आरोपी के विरुद्ध थाना आरंग में अपराध क्रमांक 727/25, धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
वहीं, आरोपी से जप्त किए गए दो नग जंगली जीव गोह (गोइंहा) को विधिवत वन विभाग के सुपुर्द किया गया है। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post