गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में अवैध धान खपाने का बड़ा खेल, पिकअप वाहन से रातभर हो रही दूसरे राज्य के धान की सप्लाई

डेली न्यूज़ टाइम्स...(  जिया उल्ला खान )..
जीपीएम...

जिले में अवैध धान खपाने का खेल लगातार बेखौफ तरीके से चल रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हर रात करीब 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य का धान चोरी-छिपे दूसरे वाहनों में पलटी कर जीपीएम जिले की धान मंडियों में खपाया जा रहा है, जिससे छत्तीसगढ़ सरकार को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

सूत्र बताते हैं कि यह पूरा अवैध कारोबार रात के अंधेरे में सुनियोजित तरीके से किया जा रहा है। खासतौर पर एक पिकअप वाहन, जो किसी विवेक गुप्ता की बताई जा रही है, उसके माध्यम से दूसरे राज्य का धान पूरी रात जिले में खपाया जा रहा है। इस वाहन के जरिए धान को अलग-अलग जगहों से लाकर मंडियों के आसपास उतारा जाता है, ताकि सुबह होते ही उसे स्थानीय किसानों का बताकर बेच दिया जाए।

इस अवैध धान को खपाने के लिए नियमों को ताक पर रखा जा रहा है। मंडियों में प्रवेश से पहले न तो धान की सही जांच हो रही है और न ही उसके स्रोत का सत्यापन किया जा रहा है। इससे यह आशंका और गहरी हो गई है कि इस पूरे गोरखधंधे में कुछ जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत भी हो सकती है

एक ओर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों को राहत देने और खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के प्रयास कर रही है, वहीं दूसरी ओर अवैध धान का यह कारोबार न केवल शासन की नीतियों को पलीता लगा रहा है, बल्कि असल किसानों के हक और उनकी मेहनत की पूंजी को भी नुकसान पहुंचा रहा है।
जिले में इस मामले को लेकर किसानों और जागरूक नागरिकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। अब सवाल यह उठता है कि प्रशासन इस अवैध धान कारोबार पर कब कार्रवाई करेगा? क्या पिकअप वाहन और उससे जुड़े लोगों की जांच होगी, या फिर यह खेल यूं ही रात के अंधेरे में चलता रहेगा?

Post a Comment

Previous Post Next Post