ठंडा भजिया बना दोस्त की हत्या की वजह, नशे में लोहे की रॉड से उतारा मौत के घाट

डेली न्यूज़ टाइम्स 
रायपुर।
राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत कचना स्थित साहू दूध डेयरी में एक मामूली विवाद ने दिल दहला देने वाली हत्या का रूप ले लिया। ठंडा भजिया लाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने ही करीबी दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी।
 घटना 23 और 24 दिसंबर की दरम्यानी रात की है
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार साहू दूध डेयरी में काम करने वाले सनी साहू और दुर्गेश सतनामी आपस में गहरे दोस्त थे। दुर्गेश डेयरी परिसर में ही रहता था। घटना वाली रात दोनों ने पहले शराब पी थी और बाद में डेयरी में बैठकर पुनः शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान दुर्गेश खाने के लिए भजिया लेकर आया, जो ठंडा हो चुका था। इसी बात को लेकर सनी साहू ने विवाद शुरू कर दिया।

विवाद इतना बढ़ गया कि नशे में धुत सनी साहू ने पास में पड़े लोहे के रॉड से दुर्गेश सतनामी पर जोरदार वार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से दुर्गेश मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। कुछ देर बाद सनी साहू ने खुद ही घायल दुर्गेश को इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस सक्रिय हुई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना पुलिस और एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सनी साहू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपी मानसिक रूप से टूट चुका था और अस्पताल में अपने साथी के शव के पास बैठकर लगातार रोता और पछतावा करता रहा। आरोपी और मृतक दोनों एक ही डेयरी में साथ काम करते थे और आपस में अच्छे मित्र थे।
पुलिस ने आरोपी सनी साहू पिता राजेश साहू, उम्र 22 वर्ष, निवासी दुर्गा चौक शनि मंदिर के पास, थाना खम्हारडीह रायपुर के खिलाफ अपराध क्रमांक 405/25 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post