डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )...
बिलासपुर...भारतीय नगर मुक्तिधाम को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और हरियालीयुक्त वातावरण प्रदान करने के संकल्प के साथ अग्रवाल सेवा समिति द्वारा लगातार जीर्णोद्धार और संधारण का कार्य किया जा रहा है। अंतिम यात्रा में आने वाले आम जनों को बेहतर सुविधाएँ मिलें, इसी उद्देश्य से मुक्तिधाम में विभिन्न निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य सामाजिक दानदाताओं और रोटरी क्लब के सहयोग से संचालित हैं।
वर्तमान में समिति द्वारा मुक्तिधाम परिसर में सुव्यवस्थित गार्डन, पार्किंग, ग्रेनाइट–मार्बलयुक्त सैड, बैठक व्यवस्था, अंत्येष्टि चबूतरा, दशगात्र स्थल, लाइट-पंखा, वाटर कूलर, फव्वारा, पौधे–गमले सहित वृक्षारोपण जैसे महत्वपूर्ण कार्य पूर्ण किए गए हैं। साथ ही स्नानघर और बाथरूम निर्माण के साथ पूरे परिसर में सीसी रोड बनाया गया है। सुरक्षा के लिए पूरे मुक्तिधाम क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा स्थायी सुरक्षा गार्ड, माली, सफाई कर्मचारी और लेबर की व्यवस्था भी की गई है।
नगर निगम प्रशासन, जिला प्रशासन और बिलासपुर विधायक का समिति को निरंतर सहयोग प्राप्त हो रहा है। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त अमित कुमार भारतीय नगर मुक्तिधाम पहुंचे और कुछ विशेष शेष कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का आश्वासन दिया। दूसरे चरण में दफन स्थल को भी व्यवस्थित कर अतिरिक्त सुविधाएँ प्रदान की जाएंगी।
अग्रवाल सेवा समिति की 6 सदस्यीय टीम— आनंद अग्रवाल (CA), संजय अग्रवाल, राजुल जाजोदिया (CA), मनीष अग्रवाल (पूर्व एल्डरमैन), अजय जाजोदिया, अनिल अग्रवाल तथा अग्रवाल सभा के अध्यक्ष शिव अग्रवाल व सचिव सुनील सोंथालिया—के संयुक्त प्रयास से मुक्तिधाम का रखरखाव सुनिश्चित किया जा रहा है। समिति के सदस्य प्रत्येक सप्ताह पहुंचकर स्वयं कार्यों की निगरानी करते हैं और श्रमदान भी करते हैं।
समिति ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे मुक्तिधाम में साफ-सफाई और निर्धारित पार्किंग व्यवस्था में सहयोग करें। सभी नियमों का पालन कर परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में सहभागी बनें।
निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद लोकार्पण कार्यक्रम की घोषणा जल्द ही की जाएगी।