डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )...
बिलासपुर....
बिलासपुर के व्यापार विहार स्थित नीरज एजेंसी के मनिहारी सामान के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसमान में धुएं का घना गुबार छा गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं, लेकिन व्यापार विहार क्षेत्र में दुकानों के सामने बेतरतीब खड़े वाहन और अव्यवस्थित पार्किंग दमकल वाहनों के लिए बड़ी बाधा बन गई।
संकरी और हमेशा जाम रहने वाली सड़कों के कारण दमकल की गाड़ियों को आग के केंद्र तक पहुंचने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। मौके पर पहुंची दो दमकल गाड़ियां लगातार आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं। आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही हैं, जिससे आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया गया तो आसपास की दुकानों और गोदामों को भी भारी नुकसान पहुंच सकता है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन और अन्य संबंधित विभाग मौके पर मौजूद हैं और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए दमकल कर्मियों को सहयोग कर रहे हैं। यह घटना व्यापार विहार में अव्यवस्थित पार्किंग और सुरक्षा इंतजामों की पोल खोलती नजर आ रही है, जो भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।