डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )....
बिलासपुर। लिंगीयाडीह क्षेत्र में स्थानीय गरीब परिवारों के घर तोड़े जाने और नए नोटिस जारी किए जाने के विरोध में जारी धरना-प्रदर्शन को बिलासपुर जिले के लोकप्रिय कांग्रेस नेता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने पूर्ण समर्थन दिया है।
आज आन्दोलन स्थल पर पहुँचे त्रिलोक श्रीवास ने कहा कि लिंगीयाडीह में 50 वर्षों से अधिक समय से घर, मकान और दुकान बनाकर जीवनयापन कर रहे गरीब और स्थानीय लोगों को उजाड़ने की कार्रवाई जिला प्रशासन की तानाशाही नीति है।
उन्होंने बताया कि पहले ही 173 मकान तोड़े जा चुके हैं, जो अत्यंत अन्यायपूर्ण कदम है।
श्रीवास ने कहा कि बेलतरा विधानसभा के आम जनता के सुख-दुख में वे हमेशा साथ खड़े रहे हैं और आगे भी कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि—
“यदि मैं विधायक होता तो ऐसी स्थिति कभी निर्मित नहीं होती। गरीबों के मकान बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि वे पिछले 25 वर्षों से गरीबों और आम जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं और यह लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में प्रभावित परिवार, जनप्रतिनिधि और स्थानीय निवासी उपस्थित थे। प्रमुख रूप से दिलीप पाटिल, मानिकपुरी, मिश्रा पंडित, जितेंद्र शर्मा, आयुष सिंह, राज ठाकुर, पवन सिंह, प्रदीप सिंह ठाकुर, सोनू कश्यप, विनोद यादव, रामेश्वर केसरी, अमित सोनकर, राजू कश्यप, दीपक नादम सहित क्षेत्र के सैकड़ों लोग शामिल रहे।