डेली न्यूज़ टाइम्स... (जिया उल्ला खान )
गौरेला
इंटक जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने शुक्रवार को दो अलग-अलग शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की। पहला मामला गौरेला के बंधामुडा निवासी भोला प्रसाद राठौर से जुड़ा है, जिन्होंने अपने बेटे सुमित राठौर के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं।
पहला मामला – पिता से मारपीट और जमीन बेचने का आरोप
शिकायतकर्ता भोला प्रसाद राठौर ने बताया कि उनके बेटे ने उनकी जानकारी के बिना दस बोरी धान बेच दिया। विरोध करने पर उसने पाइप से मारपीट की और धमकी दी कि “ज्यादा नेतागिरी कराओगे तो झूठे मामले में फिर से जेल भिजवा दूंगा।”
भोला प्रसाद ने यह भी कहा कि पहले भी उनका बेटा उनकी काबिज़ जमीन बेच चुका है, और विरोध करने पर मारपीट एवं झूठे केस में फँसाने की धमकी देता है।
शिकायत सुनने के बाद इंटक जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने भोला प्रसाद का बयान दर्ज किया, उसका वीडियो बनवाया और पूरे मामले को गौरेला थाना प्रभारी को भेजते हुए उचित कानूनी कार्रवाई की अनुशंसा की। साथ ही शिकायतकर्ता को लिखित शिकायत के लिए थाने भेजा गया ताकि किसी बड़ी अनहोनी को रोका जा सके।
दूसरा मामला – मजदूरी का भुगतान न करने पर मकान मालिक को चेतावनी
दूसरी शिकायत मजदूर राजू द्वारा दर्ज कराई गई थी। उसने बताया कि बीमार होने के बावजूद वह पिछले एक माह पहले मजदूरी का पैसा पाने के लिए इंटक कार्यालय आया था। नाप-जोख के बाद भुगतान राशि तय कर दी गई थी और मकान मालिक दाऊद खान को किस्तों में पैसा देने की बात कही गई थी, लेकिन अब तक भुगतान नहीं किया गया।
बार-बार मजदूर के कार्यालय आने से नाराज इदरीस अंसारी ने मकान मालिक दाऊद खान को सख्त लहजे में चेतावनी दी कि तीन दिन के अंदर मजदूर की पूरी राशि जमा करें, अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मजदूर को आज फिर वापस भेजते हुए उसे तीन दिन बाद जिला कार्यालय में उपस्थित होने के लिए कहा गया है।