डेली न्यूज़ टाइम्स.. ( जिया उल्ला खान )..
बिलासपुर...छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद अब सामाजिक संगठनों की सक्रियता बढ़ने लगी है। इसी कड़ी में बिलासपुर जिले के युवा यादव समाज के जिलाध्यक्ष आज ग्राम बेलगहना पहुंचे और स्वर्गीय हर्षित यादव के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
जिलाध्यक्ष अमित यादव ने शोक संतप्त परिवार से मिलकर हालचाल जाना और हर्षित के पिता जयप्रकाश यादव से विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विश्वास दिलाया कि इस मामले में प्रशासनिक स्तर पर पूरी मजबूती के साथ लड़ाई लड़ी जाएगी ताकि दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो सके।
गौरतलब है कि 15 वर्षीय हर्षित यादव मल्हार स्थित में पढ़ाई कर रहा था। बीते दिनों अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई थी, लेकिन परिजनों का आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन ने समय रहते न तो उचित इलाज की व्यवस्था की और न ही परिवार को बच्चे की गंभीर स्थिति की सूचना दी। इलाज में हुई कथित लापरवाही के कारण हर्षित की जान चली गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
इस दौरान जिलाध्यक्ष अमित यादव ने कहा कि अब तक स्कूल प्रबंधन या शासन-प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को कोई ठोस सहायता नहीं दी गई है, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि सोमवार को वे यादव समाज के प्रतिनिधिमंडल के साथ कलेक्टर से मुलाकात कर मामले में निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपेंगे।
परिवार से मुलाकात के दौरान समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य भी मौजूद रहे। इनमें अनिल यादव (अध्यक्ष, युवा अखिल भारतीय यादव समाज), धनंजय यादव, सुजीत यादव, चमन यादव और संजय यादव (अध्यक्ष, यादव समाज सिरगिट्टी) सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल थे।
इस दुखद घटना के बाद पूरे क्षेत्र में छात्र की मौत को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है और अब लोगों की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।