डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 57 लाख की ठगी, अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह का आरोपी गिरफ्तार

डेली न्यूज़ टाइम्स.... ( जिया उल्ला खान ).....बिलासपुर...
बिलासपुर रेंज साइबर थाना को डिजिटल अरेस्ट के नाम पर की जा रही बड़ी साइबर ठगी के मामले में अहम सफलता मिली है। रेंज साइबर थाना टीम ने भय दिखाकर ऑनलाइन ठगी करने वाले एक अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्चुअल नंबर, फर्जी सिम और बैंक खातों के जरिए लोगों को मनी लॉन्ड्रिंग जैसे मामलों में फंसाने का डर दिखाकर करोड़ों की ठगी कर रहा था।
जानकारी के अनुसार थाना सिविल लाइन बिलासपुर से प्राप्त अपराध क्रमांक 883/25 धारा 318(4), 309 बीएनएस एवं आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। मामले में प्रार्थी को अज्ञात आरोपियों ने वर्चुअल मोबाइल नंबर और व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से संपर्क कर मनी लॉन्ड्रिंग केस में संलिप्त होने का भय दिखाया और डिजिटल अरेस्ट कर केस से बचाने के नाम पर कुल 57 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी की।

विवेचना के दौरान साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल, बैंक खातों, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर क्षेत्र से जुड़ी पाई गई। वरिष्ठ अधिकारियों पुलिस महानिरीक्षक रेंज बिलासपुर डॉ. संजीव शुक्ला एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर निरीक्षक गोपाल सतपथी के नेतृत्व में विशेष टीम दिल्ली रवाना की गई।

लगातार तीन दिनों की पतासाजी के बाद टीम ने मनिंदर सिंह पिता निरंजन सिंह, उम्र 54 वर्ष, निवासी शांतिनगर नार्थ वेस्ट दिल्ली, वर्तमान पता मौथुरपुरा शिकारपुर थाना शिकारपुर जिला बुलंदशहर (उ.प्र.) को तलब कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर मनी लॉन्ड्रिंग, ड्रग पार्सल जैसे फर्जी मामलों में फंसाने का डर दिखाकर डिजिटल अरेस्ट के माध्यम से ठगी करना स्वीकार किया।

आरोपी ने बताया कि ठगी की रकम फर्जी सिम, वर्चुअल मोबाइल नंबर और फर्जी बैंक खातों के जरिए प्राप्त की जाती थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर प्रचारित “लेगेसी लोन” नामक ऐप के माध्यम से आम लोगों को लोन के रूप में पैसा देकर ठगी की राशि का आहरण किया जाता था। आरोपी कमीशन के लालच में अपनी कंपनी शिकारपुरिहा रियलिटी प्रा.लि. के नाम से जारी करंट अकाउंट में पैसे मंगाकर निकालने का काम करता था।
इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक निमितेश सिंह के मार्गदर्शन तथा प्रभारी रेंज साइबर थाना निरीक्षक गोपाल सतपथी के नेतृत्व में एएसआई अरविंद सिंह, जीवन साहू, प्रधान आरक्षक सैयद साजिद, आरक्षक चिरंजीव कुमार सहित साइबर थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post