डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान ).....
जिला जीपीएम....
जिला कार्यालय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) में एक और जमीन से जुड़े गंभीर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मामला पेंड्रा के भरा पारा क्षेत्र की जमीन से जुड़ा है, जो पहले गुलाम रसूल के नाम दर्ज थी। गुलाम रसूल की मृत्यु के बाद फौती उठने पर जमीन उनकी बेटियों सायरा बानो, असगरी बेगम, शकीला बानो सहित अन्य के नाम दर्ज हुई।
जानकारी के अनुसार, जमीन को बेचने के लिए सभी बहनों ने आमिर खान को पावर ऑफ अटॉर्नी दी थी। इसके बाद आमिर खान ने उक्त जमीन को अजय जायसवाल को बेच दिया। जमीन की बिक्री के एवज में चार बहनों को 34-34 लाख रुपये दिए गए, जबकि सायरा बानो को केवल 17 लाख रुपये ही मिले। शेष 17 लाख रुपये आज-कल करते हुए वर्षों से नहीं दिए गए।
सायरा बानो लंबे समय से बीमार रहती हैं। इसी कारण आज उनके बेटे ने जिला कार्यालय इंटक पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद इंटक अध्यक्ष ने जमीन खरीदने वाले अजय जायसवाल से फोन पर चर्चा की। अजय जायसवाल ने दावा किया कि उन्होंने जमीन की पूरी रकम अदा कर दी है।
इसके बाद इंटक अध्यक्ष ने पावर ऑफ अटॉर्नी धारक आमिर खान से फोन पर बात कर अपना पक्ष रखने के लिए तीन दिन का समय दिया है। इंटक अध्यक्ष ने कहा कि इस मामले में कई लोग शामिल हैं, जिन्होंने सायरा बानो की कमजोरी का फायदा उठाकर जमीन की रकम का बंदरबांट किया है।
इंटक अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के भीतर मामला सुलझाया नहीं गया, तो आगे की कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि यह मामला अशफाक मंसूरी, रोहित चौधरी और कुसुम गुप्ता द्वारा राजकुमारी गुप्ता की जमीन बेचकर पैसा हड़पने वाले प्रकरण से मिलता-जुलता है, जिसकी जांच पूरी हो चुकी है।
इस मामले में एडिशनल एसपी ओमचंदेल ने भी आश्वासन दिया है कि एक-दो दिन के भीतर एफआईआर दर्ज की जाएगी।