न्यू ईयर पार्टी में हेरोइन सप्लाई की साजिश नाकाम, 18 ग्राम चिट्टा जप्त...मनीष रोचलानी गिरफ्तार

डेली न्यूज़ टाइम्स.... ( जिया उल्ला खान )...
रायपुर।
नव वर्ष की पूर्व संध्या पर नशे के कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए रायपुर पुलिस ने “ऑपरेशन निश्चय” के तहत चिट्टा (हेरोइन) सप्लाय करने वाले आरोपी मनीष रोचलानी को गिरफ्तार किया है। एण्टी क्राईम एंड साइबर यूनिट एवं थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को कमल विहार सेक्टर-04 स्थित शिव मंदिर के पास रंगे हाथ पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 18 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी नव वर्ष के दौरान आउटर फार्म हाउस और क्लबों में आयोजित होने वाली पार्टियों में नशे की सप्लाई करने की तैयारी में था।
28 दिसंबर 2025 को मिली मुखबिर सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मनीष रोचलानी (उम्र 26 वर्ष), निवासी वेलफेयर सोसायटी, कमल विहार, टिकरापारा बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से प्रतिबंधित मादक पदार्थ चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में नशा पंजाब से लाना स्वीकार किया है।
इस मामले में थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 1043/25, धारा 21(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में लूट के मामले में जेल जा चुका है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नव वर्ष के दौरान नशा तस्करों और सप्लायरों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post