डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )....
बिलासपुर....बिलासपुर जिले के थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के स्पष्ट निर्देश थे कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की लड़ाई-झगड़ा, हुड़दंग और अशांति फैलाने वालों के खिलाफ त्वरित व प्रभावी कार्रवाई की जाए।
इन्हीं निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) तथा नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिरगिट्टी द्वारा विशेष टीम गठित की गई। टीम ने थाना क्षेत्र में सघन पेट्रोलिंग करते हुए ऐसे व्यक्तियों की पहचान की, जो पूर्व में भी विवाद, झगड़े और शांति भंग करने की गतिविधियों में संलिप्त
पाए गए थे।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 13 आरोपियों को हिरासत में लिया और उनके विरुद्ध धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। सभी आरोपियों को थाना लाकर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई, जिसके बाद उन्हें माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। आम नागरिकों की सुरक्षा और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी लगातार पेट्रोलिंग, निगरानी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।