डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )...
रायपुर। राजधानी रायपुर की तेलीबांधा पुलिस ने चाकू की नोक पर ऑनलाईन रकम स्थानांतरण कर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी जब्त किया है।
दरअसल, प्रार्थी अतीत झा, जो पेशे से लैब टेक्नीशियन हैं, ने थाना तेलीबांधा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 05 नवंबर 2025 को वह अपने दोपहिया वाहन से ब्लड सैंपल लेने के लिए मरीन ड्राइव, जल विहार कॉलोनी जा रहे थे। इस दौरान दोपहर लगभग चार बजे दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे और बैग की तलाशी लेने लगे।
प्रार्थी के विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने चाकू दिखाकर उन्हें डराया-धमकाया और जबरन क्यूआर कोड स्कैन कराकर ऑनलाइन रकम ट्रांसफर कराई, साथ ही उनके हाथ में पहना चांदी का कड़ा भी लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया —
अपराध क्रमांक 700/25, धारा 309(4), 3(5) बी.एन.एस. के तहत।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी तेलीबांधा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान विशाल सोनी उर्फ कुबेर सोनी और कृष्णा नागवानी के रूप में की गई।
इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार रेड कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपराध करना स्वीकार किया।
पुलिस ने उनके कब्जे से एक चाकू बरामद किया है जो घटना में प्रयुक्त हुआ था। आरोपियों के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्यवाही जारी है।
🔹 गिरफ्तार आरोपी –
1. विशाल सोनी उर्फ कुबेर सोनी
पिता – पुरुषोत्तम सोनी, उम्र 31 वर्ष
निवासी – साई मंदिर, केनाल रोड, न्यू राजेन्द्र नगर, रायपुर
2. कृष्णा नागवानी
पिता – विजय कुमार नागवानी, उम्र 19 वर्ष
निवासी – कटोरा तालाब, कक्कड़ चौक के पास, थाना सिविल लाइन, रायपुर
👉 पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।
रायपुर पुलिस की तत्परता से यह सनसनीखेज वारदात मात्र दो दिनों में सुलझा ली गई।