डेली न्यूज़ टाइम्स.. ( जिया उल्ला खान )....
जांजगीर–चांपा जिले में देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। नवागढ़ से पंतोरा बारात में शामिल होकर लौट रहे युवकों की स्कॉर्पियो सुकली के पास एक ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही पाँच लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रात करीब 12:30 बजे का बताया जा रहा है।
मृतकों की पहचान
सभी मृतक नवागढ़ के सड़क पारा शांतिनगर, नगर पंचायत नवागढ़ के निवासी बताए जा रहे हैं—
- विश्वनाथ देवागन, पिता–सुखरु देवागन, उम्र 43 वर्ष
- राजेंद्र कश्यप, पिता–कोमल कश्यप, उम्र 27 वर्ष (आर्मी जवान)
- पोमेश्वर जलतारे, पिता–पुरषोतम जलतारे, उम्र 33 वर्ष (आर्मी जवान)
- भूपेंद्र साहू, पिता–रेशम साहू, उम्र 40 वर्ष
- कमलनयन साहू, पिता–रामचरण साहू, उम्र 22 वर्ष
घटना कैसे हुई
जयराम देवागन पिता विमल देवागन का बारात नवागढ़ से पंतोरा गया था। बारात से वापस लौटते समय स्कॉर्पियो (क्रमांक CG11 BS 3974) सुकली के पास सामने से आ रहे ट्रक (क्रमांक OD 23 P 6037) से आमने-सामने भिड़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घायल बिलासपुर रेफर
हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।
पंचनामा और पीएम जारी
पुलिस ने मृतकों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल जांजगीर भेज दिया है। वहीं, स्कॉर्पियो और ट्रक को घटनास्थल से हटाकर थाने में सुरक्षित करने की कार्यवाही की जा रही है।
यह हादसा पूरे इलाके में शोक का माहौल छोड़ गया है, क्योंकि सभी मृतक एक ही क्षेत्र के निवासी थे और बारात से लौटते समय अचानक इस दर्दनाक घटना का शिकार हो गए।