डेली न्यूज़ टाइम्स.. ( जिया उल्ला खान )
बिलासपुर (छत्तीसगढ़)। थाना क्षेत्र अंतर्गत नाबालिग से छेड़छाड़ के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पीड़िता अपने पिता के साथ दिनांक 25 नवंबर 2025 को थाना सीपत पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 23 नवंबर 2025 को दोपहर करीब 2:30 बजे वह घर में सो रही थी, तभी ग्राम धनिया निवासी योगेश शर्मा घर में घुस आया और गलत नीयत से उसके साथ छेड़छाड़ की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सीपत में आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल विवेचना प्रारंभ की गई। वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया गया, जिनके निर्देश पर थाना प्रभारी सीपत के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा त्वरित पतासाजी कर आरोपी योगेश शर्मा पिता प्रमोद शर्मा, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम धनिया को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिवत न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में सीपत पुलिस टीम की तत्परता और सक्रियता की सराहना की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों से जुड़े अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।