डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )...
बिलासपुर। महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सरकंडा पुलिस ने एक अधिवक्ता को शादी का प्रलोभन देकर शारीरिक शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
मामला थाना सरकंडा क्षेत्र का है, जहां पीड़िता ने 2 नवंबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका अपने पति से विवाद का प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन था, जिससे उसका अदालत आना-जाना होता था। इसी दौरान उसकी पहचान अधिवक्ता पवन अवस्थी (पिता राम प्रसाद अवस्थी, उम्र 45 वर्ष, निवासी नंदेश्वर मंदिर के पास, चांटीडीह) से हुई।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि अधिवक्ता ने उसे शादी कर पत्नी बनाकर रखने का झूठा आश्वासन दिया और शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने शादी का दबाव डाला तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ, थप्पड़ और मुक्कों से मारपीट की तथा उसका मोबाइल तोड़ दिया।
रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल और नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन/सरकंडा) निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक प्रदीप आर्या के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पवन अवस्थी को रिपोर्ट दर्ज होने के महज 12 घंटे के भीतर 3 नवंबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।