डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा में हुई आपसी विवाद की घटना पर बिलासपुर पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत कार्रवाई की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में लिया।
जानकारी के मुताबिक, विधि से संघर्षरत बालक और यशवंत उर्फ बाला (उम्र 19 वर्ष, निवासी कुंदरा पारा तिफरा) आपस में मित्र हैं। दोनों ने साथ में शराब सेवन करने के बाद क्षेत्र में घूमना शुरू किया। आत्मानंद स्कूल के पास किसी बात को लेकर विवाद हुआ, इसी दौरान यशवंत ने साथी को “चोर” कह दिया, जिसके बाद दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
इसी बीच विधि से संघर्षरत बालक ने अपने पास रखे सर्जिकल ब्लेड से यशवंत के गले और हाथ पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची, घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया और आरोपी नाबालिग को फौरन हिरासत में लेकर प्रकरण दर्ज किया गया।
बिलासपुर पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले में विधि अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है।