फर्जी अपहरण का पर्दाफाश : पिता से पैसे वसूलने के लिए बेटे ने रची अपहरण की साजिश, पेंड्रा से गिरफ्तार, डेली न्यूज़ टाइम्स ने पहले भी इस फर्जी अपहरण पर शंका जताई थी


डेली न्यूज़ टाइम्स.... जिया उल्ला खान.....

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपने ही पिता से पैसे वसूलने के लिए खुद के अपहरण की झूठी कहानी रच दी। पुलिस जांच में पूरा मामला फर्जी निकला और युवक को पेंड्रा से गिरफ्तार कर लिया गया।


मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी संजय कुमार यादव, निवासी देहराखार, नारायणपुर (जशपुर), पिछले 10 सालों से बिलासपुर के कस्तूरबा नगर में किराए के मकान में रह रहा था। वह एमएससी तक शिक्षित है और बैंक में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि पैसों की तंगी के चलते उसने खुद का “फेक किडनैपिंग ड्रामा” रच डाला।

घटना 1 अक्टूबर की है। संजय ने अपने पिता बालेश्वर यादव को फोन कर बताया कि वह घर लौट रहा है, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। अगले दिन जब पिता ने संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल बंद मिला। परिजन चिंतित हुए ही थे कि अचानक पिता को फोन आया कि कुछ लोगों ने संजय का अपहरण कर लिया है और 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही है।

सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि संजय ने खुद पिता को कहा कि पैसे उसी के बैंक खाते में जमा करा दें। पिता को शक हुआ और उन्होंने मामले की जानकारी जशपुर स्थित सीएम हाउस को दी। सीएम हाउस से सूचना मिलते ही बिलासपुर सिविल लाइन पुलिस ने गुम इंसान का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने संजय के मोबाइल की लोकेशन ट्रैक की, जो कभी बिलासपुर, कभी गौरेला, तो कभी रायगढ़ में मिल रही थी। लोकेशन लगातार बदलने और फोन बंद रहने से पुलिस भी उलझी रही। अंततः पुलिस ने संजय को पेंड्रा से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी बिलासपुर में कोरबा की एक युवती के साथ किराए के मकान में रह रहा था। युवती ने बताया कि संजय ने उसे कहा था कि वह कुछ दिनों के लिए गांव जा रहा है, इसके बाद उसका संपर्क टूट गया।

पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस पूरे फर्जी अपहरण कांड में कहीं और कोई व्यक्ति शामिल तो नहीं था।
जल्द ही बिलासपुर पुलिस इस मामले का आधिकारिक खुलासा करने वाली है।

🗞️ डेली न्यूज़ टाइम्स ने इस पूरे मामले पर पहले ही खबर चलाकर फर्जी किडनैपिंग की शंका जताई थी, जो अब सही साबित हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post