डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...
रायपुर...
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत रायपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना आमानाका क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को प्रतिबंधित नशीली सिरप Glankof-T के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मुख्य बिंदु —
🔹 एम्स अस्पताल के बाजू जी.ई. रोड टाटीबंध क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए आरोपी।
🔹 कुल 40 नग प्रतिबंधित सिरप Glankof-T बरामद, जिसकी अनुमानित कीमत ₹5,000 बताई गई है।
🔹 आरोपियों के खिलाफ धारा 21(बी), 29 नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज।
पूरी कार्रवाई का विवरण —
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) को सूचना मिली कि थाना आमानाका क्षेत्रांतर्गत एम्स अस्पताल के पास टाटीबंध जी.ई. रोड पर कुछ व्यक्ति नशीली सिरप बेचने की फिराक में ग्राहक तलाश रहे हैं।
सूचना पर तत्परता दिखाते हुए एसीसीयू एवं थाना आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी और मुखबिर द्वारा बताए हुलिए के दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम —
1️⃣ युवराज सिंह चौहान, पिता नारायण सिंह चौहान, उम्र 24 वर्ष, निवासी कृष्णा नगर, कोटा, रायपुर।
2️⃣ वाजिद खान, पिता बशीर खान, उम्र 29 वर्ष, निवासी कृष्णा नगर, कोटा, रायपुर बताया।
दोनों के पास से कुल 40 शीशी प्रतिबंधित नशीली सिरप Glankof-T बरामद की गई। जब उनसे इस संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अपराध क्रमांक 340/25, धारा 21(बी), 29 नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की किसी भी सूचना को तत्काल पुलिस को दें ताकि इस सामाजिक बुराई को जड़ से समाप्त किया जा सके।