डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...
बिलासपुर। आगामी दीपावली पर्व के मद्देनज़र शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर बिलासपुर पुलिस लगातार क्षेत्र में गश्त और पेट्रोलिंग अभियान चला रही है। इसी क्रम में सरकण्डा थाना पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया, जबकि एक अन्य के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडेय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को सूचना मिली कि शनिचरी बाजार सुलभ के पास एक व्यक्ति धारदार चाकू लहरा रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी विक्रम साहू (21 वर्ष) निवासी अशोक विहार फेस-2 सरकण्डा को पकड़ लिया। उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया।
इसी तरह दयालबंद रोड लिंगियाडीह क्षेत्र में भी एक व्यक्ति धारदार चापड़ के साथ लोगों को डराता पाया गया, जिसे पुलिस ने दबोच लिया। आरोपी की पहचान मुकेश चौहान (32 वर्ष) निवासी लिंगियाडीह के रूप में हुई। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
वहीं सीपत चौक के पास संदिग्ध रूप से घूम रहे जितेन्द्र भारद्वाज (40 वर्ष) निवासी तालापारा को पुलिस ने रोककर पूछताछ की, इस दौरान उसने पुलिस टीम से विवाद किया। उसे समझाइश देने के बावजूद उग्र रवैया अपनाने पर उसके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस क्षेत्र में असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रख रही है। बदमाश प्रवृत्ति के लोगों पर सख़्त कार्यवाही जारी रहेगी।