अम्बा पेट्रोल पंप लूट कांड का खुलासा — तारबाहर पुलिस ने आरोपी और नाबालिग साथी को किया गिरफ्तार

डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...

बिलासपुर। तारबाहर थाना पुलिस ने लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लूट की रकम में से 4000 रुपए नकद बरामद किए हैं।


मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अंकित श्रीवास पिता दिलीप श्रीवास (उम्र 19 वर्ष, निवासी दयालबंद सिटी कोतवाली) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 05 अक्टूबर 2025 की रात वह अम्बा पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने गया था। इसी दौरान दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिल पर आए और गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देकर उससे 9000 रुपए नकद लूटकर फरार हो गए।

सूचना मिलते ही तारबाहर थाना प्रभारी और पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया। फुटेज में दो संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर भागते दिखाई दिए। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए शैलेन्द्र उर्फ राज यादव (पिता गणेश यादव, उम्र 20 वर्ष, निवासी ममता टेंट हाउस गली, टिकरापारा) और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ लिया।

पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया। उनके कब्जे से लूट की राशि 4000 रुपए और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अप.क्र. 326/2025 धारा 296, 351(2), 115(2), 309(6), 3(5) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

तारबाहर पुलिस की तत्परता से शहर में हुई इस लूट की वारदात का पर्दाफाश महज कुछ ही दिनों में कर लिया गया।



Post a Comment

Previous Post Next Post