डेली न्यूज़ टाइम्स.. जिया उल्ला खान....
जिला कबीरधाम...
कबीरधाम पुलिस ने एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) मुख्यालय नवा रायपुर और महासमुंद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक स्विफ्ट डिजायर कार से 57 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद किया है।
थाना बोड़ला क्षेत्र में चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। कार में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चैम्बर से भारी मात्रा में गांजा मिला। पुलिस ने आरोपी मोहसिन खान, निवासी भोपाल, को गिरफ्तार किया है, जो उड़ीसा से गांजा लेकर भोपाल जा रहा था।
बरामद गांजे की अनुमानित कीमत ₹14 लाख 45 हजार रुपये तथा प्रयुक्त वाहन की कीमत ₹5 लाख रुपये है। कुल जप्ती मूल्य लगभग ₹19 लाख 45 हजार रुपये बताया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल, पंकज पटेल के मार्गदर्शन और एसडीओपी बोड़ला अखिलेश कौशिक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बोड़ला निरीक्षक रूपक शर्मा एवं उनकी टीम द्वारा की गई। साइबर सेल कबीरधाम की टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एसपी धर्मेन्द्र सिंह ने कहा —
“जिले में किसी भी प्रकार की नशे की गतिविधि या अवैध तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस शून्य सहनशीलता की नीति पर काम कर रही है और आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाइयाँ जारी रहेंगी।”
कबीरधाम पुलिस का यह अभियान नशा व्यापारियों के लिए स्पष्ट चेतावनी है कि जिले की सीमाओं में अब कोई अवैध गतिविधि नहीं चल पाएगी। पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि यदि किसी को नशा तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।