डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...
बिलासपुर। अंधविश्वास का सहारा लेकर लोगों को ठगने वाले बाबा दीपक केवलानी और उसकी पत्नी कोमल केवलानी पर शिकंजा कसता जा रहा है। ताजा मामले में कोमल केवलानी की अग्रिम जमानत याचिका अदालत ने खारिज कर दी है।
क्या है मामला?
सिविल लाइन पुलिस के अनुसार, जबड़ापारा निवासी व "पुलिसवाला न्यूज़" के पत्रकार शंकर अधीजा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2023 में उनकी मुलाकात रामावेली निवासी दीपक केवलानी, उसकी पत्नी कोमल और सहयोगी अजय भैरवानी से हुई थी। यह मुलाकात नेहरू नगर गणेश चौक स्थित अमृतवेला सत्संग सेंटर में हुई।
चमत्कारों का ढोंग और विश्वासघात
आरोप है कि दीपक केवलानी ने पीड़ित का भरोसा जीतने के लिए ढोंग रचते हुए पानी पर “चमत्कारी खुशबू” का भ्रम फैलाया। पत्नी कोमल और साथी अजय ने भी इसमें उसका साथ दिया। धीरे-धीरे तीनों का आना-जाना पीड़ित के घर पर शुरू हो गया।
डर का खेल और ठगी
साजिश के तहत अजय भैरवानी छत पर जाकर लाल कपड़े में पोटली रख देता और शंकर को दिखाकर कहा जाता कि घर पर भूत-प्रेत का साया है और बेटी की जान खतरे में है। समाधान के नाम पर विशेष पूजा-पाठ का झांसा देकर बार-बार पैसे वसूले गए।
किश्तों में निकाले 8.5 लाख रुपये
1 जुलाई 2024 को पहली बार पूजा के नाम पर ₹2,50,000 नकद लिए गए।
इसके बाद ₹50,000 ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए गए।
फिर अन्य बहाने से ₹1,00,000 और लिया गया।
इसी तरह किस्तों में कुल ₹8,50,000 की ठगी की गई।
पीड़ित ने बताया कि रकम जुटाने के लिए उन्हें अपनी पत्नी के जेवर तक गिरवी रखने पड़े।
आपराधिक इतिहास भी रहा है लंबा
मुख्य आरोपी दीपक केवलानी पर पहले भी सत्संग और भूत-प्रेत का डर दिखाकर ठगी करने के आरोप लग चुके हैं। करीब 5 साल पहले पुणे में डांस क्लास की आड़ में भी बड़ी राशि हड़पी गई थी। पूर्व में गिरफ्तारी के बाद भी जमानत पर छूटकर उसने फिर से ठगी का सिलसिला शुरू कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पत्रकार शंकर अधीजा की शिकायत पर दीपक केवलानी, कोमल केवलानी और अजय भैरवानी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल तीनों आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।