डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...
बिलासपुर।
जिला पुलिस विभाग के रक्षित केन्द्र में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 558 स्व. रामनारायण सिंह की 05 अप्रैल 2025 को ग्राम सेंदरी, थाना कोनी क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। घटना की जांच उपरांत थाना कोनी में मर्ग कायम कर अपराध पंजीबद्ध किया गया था।
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) एवं पुलिस विभाग के बीच हुए पुलिस सैलरी पैकेज (PSP) एम.ओ.यू. के अंतर्गत दुर्घटना में मृत्यु, स्थायी पूर्ण या आंशिक विकलांगता की स्थिति में नॉमिनी को अधिकतम 01 करोड़ रुपये तक की बीमा राशि उपलब्ध कराई जाती है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार स.उ.नि. (अ) सुरेश कुमार पटेल ने थाना कोनी एवं मृतक आरक्षक के परिवार से आवश्यक दस्तावेज संकलित कर भारतीय स्टेट बैंक से समन्वय स्थापित किया। तत्पश्चात, मृतक आरक्षक की पत्नी श्रीमती पूनम सिंह ठाकुर को 01 करोड़ रुपये की बीमा राशि का चेक प्रदान किया गया।
आज आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) एवं भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक द्वारा स्व. आरक्षक रामनारायण सिंह की पत्नी श्रीमती पूनम सिंह ठाकुर एवं पुत्र सुरेन्द्र सिंह ठाकुर को संयुक्त रूप से यह राशि प्रदान की गई।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दिवंगत आरक्षक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि –
"पुलिस विभाग सदैव अपने जवानों एवं उनके परिवार के साथ खड़ा है। इस बीमा राशि से परिवार को आर्थिक संबल प्राप्त होगा।"