डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान
मरवाही। ग्राम पंचायत मरवाही के मजदूरों को आखिरकार उनकी मेहनत का हक मिल गया। मजदूरी का भुगतान नहीं मिलने की शिकायत जब मजदूरों ने राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) जिला कार्यालय में की, तो जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने तत्काल मामले को गंभीरता से लिया।
मजदूरों का आरोप था कि शासकीय कर्मचारी द्वारा लंबे समय से उनकी मजदूरी का पैसा रोका गया है। शिकायत के बाद इंटक अध्यक्ष ने संबंधित पक्ष को कार्यालय बुलाकर तथ्य जाने। इस दौरान एक शिक्षक ने बताया कि मजदूरों ने अधूरा काम छोड़ दिया था, जिसके कारण भुगतान रुका हुआ है।
इंटक अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने मामले को संतुलित दृष्टिकोण से सुलझाते हुए अपनी टीम भेजकर मजदूरों के अधूरे काम का नाप कराया। नाप-जोख के आधार पर ₹25,000 मजदूरों को दिलवाए गए।
स्थानीय मजदूरों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इंटक अध्यक्ष सचमुच गरीब मजदूरों के मसीहा बनकर काम कर रहे हैं। रोजाना कई मजदूर अपनी समस्याएं लेकर जिला कार्यालय पहुंचते हैं, जहां इदरीस अंसारी अपनी पूरी टीम के साथ तुरंत समाधान निकालते हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि भी इसी तरह सक्रियता दिखाएं, तो किसी भी गरीब मजदूर को अन्याय नहीं सहना पड़ेगा।
यह पहल एक बार फिर साबित करती है कि इंटक मजदूरों की आवाज बनकर उनके हक और न्याय की लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।